-विधायक प्रमोद कुमार ने वैज्ञानिक खेती से आमदनी बढ़ाने की बात कही
माला सिन्हा
पीपराकोठी : मॉडल स्कूल सभागार में शनिवार को वासंतिक रबी महाअभियान के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ. इसमें किसानों को आधुनिक खेती के तरीके बताए गए. कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और विधायक प्रमोद कुमार, प्रखंड प्रमुख रजनीश कुमार और प्रखंड कृषि पदाधिकारी रितिका सिन्हा ने दीप जलाकर किया. विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि कृषि अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों की समृद्धि के बिना देश-प्रदेश का विकास संभव नहीं है. उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती, उन्नत बीजों के इस्तेमाल और संतुलित उर्वरक प्रबंधन से कम लागत में अधिक उत्पादन लिया जा सकता है. सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें नई कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए प्रयास कर रही है. किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेना चाहिए और प्रशिक्षण में मिली जानकारी खेतों में अपनानी चाहिए. कृषि विभाग के अधिकारियों ने रबी फसलों की उन्नत खेती, बीज उपचार, मिट्टी जांच, सिंचाई प्रबंधन, कीट और रोग नियंत्रण की जानकारी दी. उन्होंने विभाग की अलग-अलग योजनाओं और कम लागत में अधिक उत्पादन के तरीकों के बारे में भी बताया. कार्यक्रम में उपेंद्र चौधरी, जितेंद्र साह, गौरीशंकर साह, उमाशंकर शर्मा, मनोरंजन सिंह, राजू सिंह पटेल, एटीएम राजेश्वर सिंह और दर्जनों किसान मौजूद थे.



