*एसडीएम, डीएसपी और ईओ की मौजूदगी में हुई वार्ता, वेतन भुगतान को लेकर दोनों पक्षों ने रखी अपनी बात
रक्सौल।अनिल कुमार। नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर एनजीओ और सफाई कर्मियों के बीच चल रहा विवाद शनिवार को प्रशासनिक पहल के बाद सुलझा लिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा, डीएसपी मनीष आनंद और नगर परिषद के ईओ डॉ. मनीष कुमार की अध्यक्षता में रक्सौल थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई। अधिकारियों ने सफाई कर्मियों की समस्याओं को सुना और वेतन भुगतान को लेकर स्थिति स्पष्ट की। इसके बाद सफाई कर्मियों ने अपना विरोध समाप्त करते हुए काम पर लौटने पर सहमति जताई। वार्ता के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा ने सफाई कर्मियों की ओर से गठित चार सदस्यीय टीम के सदस्यों प्रेम मलिक, प्रमिला देवी, राजेश मलिक एवं भिखारी मलिक से बातचीत की। इस दौरान सफाई कर्मियों ने अपनी समस्याओं को रखते हुए कहा कि उन्हें निर्धारित भुगतान से कम राशि मिल रही है। उनका कहना था कि वे काम के अनुरूप पूरा भुगतान नहीं मिलने से परेशान हैं। इसी मुद्दे को लेकर एनजीओ और सफाई कर्मियों के बीच विवाद चल रहा था, जिसका असर नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर भी पड़ रहा था। वहीं वार्ता के दौरान एनजीओ प्रतिनिधि दिलीप गिरी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनकी ओर से सरकार द्वारा निर्धारित वेतन का ही भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने भुगतान में किसी प्रकार की अनियमितता से इनकार करते हुए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार राशि दिए जाने की बात कही। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा ने उपस्थित सफाई कर्मियों को भुगतान की स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित वेतन का भुगतान एनजीओ की ओर से भी भुगतान किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने और आश्वासन मिलने के बाद सफाई कर्मियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया। इस तरह प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद एनजीओ और सफाई कर्मियों के बीच चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया। सफाई कर्मियों के काम पर लौटने से नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की उम्मीद है।
फोटो -प्रशासनिक पहल पर एनजीओ और सफाई कर्मियों के बीच विवाद सुलझा, काम पर लौटे कर्मी



