देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। आम लोगों की जमीन और राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शनिवार को लौरिया अंचल कार्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें अंचल अधिकारी आशु रंजन और थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। जनता दरबार में कुल 10 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें छह का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं, शेष चार मामलों में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीणों ने जमीन और राजस्व से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने एक-एक कर सभी मामलों की सुनवाई की और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निष्पादन किया गया। वहीं, जिन चार मामलों में जांच की आवश्यकता थी, उनमें संबंधित कर्मियों को आवश्यक जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।
अंचल अधिकारी आशु रंजन ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित और नियमानुसार समाधान करना है। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाती है, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जनता दरबार के आयोजन से ग्रामीणों को अपनी शिकायतें सीधे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। मौके पर प्रधान सहायक ब्रजेश कुमार, विवेक कुमार, अरविंद कुमार, आकाश कुमार सहित राजस्व कर्मचारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।



