18 मतदान केंद्रों पर 1701 मतदाताओं में 1508 ने किया मताधिकार का प्रयोग, डीएम और एसएसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
देशवाणी। बेतिया।अवधेश कुमार। शर्मा।
बेतिया। बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के लिए पश्चिम चम्पारण जिले में शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ। जिले के सभी 18 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। जिला प्रशासन की ओर से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की गई।
डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह और एसएसपी कुमार गौतम ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मतदान केंद्र बनाया गया था। मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी भी क्षेत्र में सक्रिय रहे। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे।
1701 मतदाताओं में 1508 ने किया मतदान
पश्चिम चम्पारण जिले के सभी 18 मतदान केंद्रों पर कुल 1701 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 1508 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिले में कुल 88.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान करने वालों में 1283 पुरुष और 225 महिला मतदाता शामिल रहीं। जिला प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए थे।
नरकटियागंज में 98 प्रतिशत मतदान
उधर, नरकटियागंज से हमारे प्रतिनिधि के अनुसार, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में यहां कुल 53 मतदाताओं में से 52 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार नरकटियागंज में लगभग 98.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।



