देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। समस्तीपुर मंडल के बापूधाम मोतिहारी और जीवधारा समेत अनेक रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार को एक विशेष जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ डीईई टीआरडी सुनील कुमार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित कर रेलवे द्वारा दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेना था।
इस जनसंवाद के दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों से खुलकर चर्चा की और स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा, और अन्य यात्री सेवाओं के संबंध में उनकी राय व बहुमूल्य सुझाव प्राप्त किए। यात्रियों ने भी बढ़-चढ़कर इस पहल में हिस्सा लिया और अपनी अपेक्षाएं साझा कीं।
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में डीसीआई एच के भक्ता, स्टेशन अधीक्षक राजीव कुमार, आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद के अलावें वाणिज्य, इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग और रेलवे सुरक्षा बल के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी के आपसी समन्वय से यह पूरा कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की कठिनाइयों को दूर करने और सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में इस प्रकार के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, जिसकी स्थानीय स्तर पर भी सराहना की जा रही है।



