देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की मुस्तैदी और मानवीय संवेदना का एक बेहतरीन उदाहरण सामने आया है, जहां ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने ट्रेन में भटक रहे एक 7 वर्षीय नाबालिक बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और उचित प्रक्रिया के बाद उसे चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने बताया कि गुरुवार को रेल हेल्पलाइन नम्बर 139 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12557 सप्तक्रांति में एक नाबालिक बच्चा भटक कर यात्रा कर रहा है। सूचना पर उक्त ट्रेन के बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को अटेंड किया और बच्चे को ट्रेन से सुरक्षित नीचे उतारा गया। बच्चे की पहचान समस्तीपुर जिला के सुजावलपुर निवासी विष्णु साह के सात वर्षीय पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है। बच्चे की सुरक्षा और उसके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ ने उसे तुरंत सुरक्षित संरक्षण में ले लिया तथा ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते अभियान के तहत बापूधाम मोतिहारी चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक व परियोजना पदाधिकारी को बुलाकर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया, ताकि उसके परिवार से संपर्क कर उसे सुरक्षित घर पहुंचाया जा सके। आरपीएफ की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की हर तरफ सराहना की जा रही है।



