देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। बेतिया रेलवे स्टेशन के पास 11 अगस्त को गाड़ी संख्या 26501 वंदे भारत एक्सप्रेस पर हुए पथराव की घटना का रेलवे सुरक्षा बल ने पर्दाफाश कर लिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरपीएफ पोस्ट बापूधाम मोतिहारी ने दो नाबालिग बालकों को निरुद्ध किया है।
पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने बताया कि 11 अगस्त को शाम 07:25 बजे जब ट्रेन बेतिया स्टेशन पहुँची, तो ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी में तैनात नरकटियागंज पोस्ट के प्रधान आरक्षी संजय काजी एवं उनके स्टाफ ने ट्रेन की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान कोच संख्या C-5 के बर्थ नंबर 40, 41 और 42 के बाईं तरफ का बाहरी शीशा चटका हुआ पाया गया।
इस घटना को लेकर प्रधान आरक्षी संजय काजी द्वारा 12 अगस्त को पोस्ट कमांडर, रेलवे सुरक्षा बल, बापूधाम मोतिहारी को लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर आरपीएफ पोस्ट बापूधाम मोतिहारी में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर उप निरीक्षक गोकुलेश पाठक को जांच की जिम्मेवारी सौंपी गयी।
अनुसंधान के दौरान, उप निरीक्षक गोकुलेश पाठक और उनके स्टाफ को मुखबिर से खास सूचना मिली, जिसके आधार पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की इस घटना में बेतिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनसा टोला, वार्ड 32 निवासी दो बालकों की संलिप्तता पाई गई।
जांच अधिकारियों के अनुसार, दोनों बालकों द्वारा अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद उनके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर उन्हें विधिवत निरुद्ध कर लिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है।



