आवान मेराज/देशवानी रामगढ़वा
रामगढ़वा: रामगढ़वा प्रखंड के इनरवा गांव में पिछले कई सालों से सड़क पर एक पक्ष द्वारा गंदा व नाला का पानी गिराने को लेकर चला आ रहा विवाद मंगलवार को आखिरकार समाप्त हो गया, जिससे उस गांव के दोनों पक्षों में शांति का माहौल कायम हुआ है।
मालूम हो कि एक पक्ष द्वारा इनरवा गांव की मुख्य सड़क पर नाला का गंदा पानी गिराने को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने मुख्य सड़क को अपनी निजी जमीन बताकर सड़क को बांस-बल्ला से बंद कर दिया था। इससे उस क्षेत्र के कई गांवों के लोगों, जैसे बैरिया पंचायत और आदापुर प्रखंड के कई पंचायतों के लोगों को रामगढ़वा आने-जाने के लिए दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता था, जिससे चार से पांच किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। इस बात की शिकायत गांव के लोगों ने रक्सौल अनुमंडल के अधिकारियों से की थी।
इस बात की जानकारी मिलते ही रक्सौल के एसडीएम नागमणि वर्मा, डीएसपी मनीष आनंद और रामगढ़वा प्रखंड के बीडीओ राकेश कुमार सिंह, सीओ अमित कुमार, और बीपीआरओ इंद्रजीत कुमार मंगलवार को इनरवा के विवादित स्थल पर पहुंचे। विवादित स्थल पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के लोगों की बातों को सुना गया और स्थल निरीक्षण के पश्चात दोनों पक्षों की सर्वसम्मति से सड़क पर गिर रहे नाला व गंदे पानी को गांव की ही सरकारी जमीन में गिराने का फैसला लिया गया। इस पर दोनों पक्षों के लोगों ने अपनी सहमति जता दी, जिससे पिछले कुछ सालों से चला आ रहा विवाद पूरी तरह शांत हो गया। इस मौके पर एक पक्ष से नूरजहां खातून, खैराती खान, नबीउल्लाह मियां तथा दूसरे पक्ष से सरोज गुप्ता, जयकिशोर यादव, रामचंद्र यादव के साथ गांव के सैकड़ों लोग मौजूद थे।



