मोतिहारी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मोतिहारी के पंचमंदिर प्रबंध समिति ने एक अनूठी पहल की है। मंदिर की मजुराहां स्थित करीब 20 एकड़ जमीन पर समिति की ओर से 33 किस्मों के आम के 360 पौधे लगाए गए। इस वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्थानीय लोगों से पौधों की देखभाल और सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।
समिति के अध्यक्ष डॉ. सीकरीया ने कहा कि लगाए गए आम की सभी प्रजातियां भारतीय हैं।जिनमें से कई आम विदेशों में अलग-अलग नामों से प्रसिद्ध हैं। इस पहल का उद्देश्य इन खास प्रजातियों को बिहार के लोगों तक पहुंचाना और चम्पारण की आम उत्पादन से जुड़ी ऐतिहासिक पहचान को फिर से मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में तीन हजार वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें विशेष किस्मों के फलदार पौधे भी शामिल होंगे।
पर्यावरण बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का कर्तव्य है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण का उपहार दे सकता है। यहां लगाए गए सभी वृक्षों के किस्म का चयन अभय कृष्णा सीकरीया के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पंचमंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. शम्भूनाथ सीकरीया, सचिव सुधीर अग्रवाल, समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



