- तीन दिवसीय शिविर का विधायक व बीडीओ ने किया उद्घाटन, आवेदन से ई-केवाईसी तक की सुविधा
फोटो : शिविर में विधायक प्रमोद कुमार व अन्य
माला सिन्हा
पीपराकोठी : प्रखंड परिसर में सेवा सेतु शिविर-सरकार आपके द्वार तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह विधायक प्रमोद कुमार एवं बीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया. शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है. इसके लिए आवेदन, निबंधन, सत्यापन एवं ई-केवाईसी सहित विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं. विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है. सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने पात्र लोगों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की. बीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को सुविधा उपलब्ध कराना है. आवेदन से लेकर सत्यापन और ई-केवाईसी तक की प्रक्रिया शिविर में पूरी कराने की व्यवस्था की गई है. उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले लोगों को योजनाओं की सही जानकारी दें और उनकी समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान करें. तीन दिवसीय शिविर में विभिन्न विभागों के कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन एवं अन्य प्रक्रियाएं पूरी कराने में सहयोग कर रहे हैं.



