HomeBIHARमोतिहारीइनोवा के गुप्त तहखाने में छिपाकर नेपाल से लाई जा रही थी...

इनोवा के गुप्त तहखाने में छिपाकर नेपाल से लाई जा रही थी करीब 90 किलो गांजा जैसा पदार्थ

*एसएसबी-हरैया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त; तस्करी के नेटवर्क को खंगालने में जुटीं एजेंसियां

रक्सौल। अनिल कुमार। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एसएसबी और हरैया पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारतीय क्षेत्र में लाई जा रही करीब 90 किलो गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया है। मादक पदार्थ को तस्करों ने पुलिस और सुरक्षा बलों की नजर से बचाने के लिए इनोवा वाहन में बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा था। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त इनोवा वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है।

बताया जाता है कि एसएसबी और हरैया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से एक इनोवा वाहन के माध्यम से मादक पदार्थ की बड़ी खेप भारतीय क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। इसके बाद सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाते हुए संयुक्त टीम ने वाहन की तलाश शुरू की।

इसी दौरान नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रही एक संदिग्ध इनोवा गाड़ी पर सुरक्षा बलों की नजर पड़ी। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर एमएच 14 एएम 1402 बताया गया है। सुरक्षा बलों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। टीम को देखते ही चालक ने वाहन को रोककर मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, पहले से सतर्क जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

इसके बाद एसएसबी और हरैया पुलिस की टीम ने इनोवा वाहन की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बनाए गए विशेष तहखाने का पता चला। जब तहखाने को खोलकर जांच की गई तो उसमें छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। वजन कराने पर इसकी मात्रा करीब 90 किलो बताई गई। पुलिस ने बरामद पदार्थ को जब्त करते हुए वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया।

हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि संयुक्त कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ के साथ वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल गिरफ्तार चालक के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

जांच एजेंसियों का मुख्य फोकस अब इस बात पर है कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप नेपाल से कहां से लाई गई थी और भारतीय क्षेत्र में इसे किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। साथ ही वाहन में गुप्त तहखाना बनाकर मादक पदार्थ छिपाने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही मादक पदार्थों की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार से होने वाली तस्करी पर निगरानी और सख्त कर दी है। एसएसबी और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही पूरे मामले की जांच जारी है।

फोटो -इनोवा के गुप्त तहखाने में छिपाकर नेपाल से लाई जा रही थी करीब 90 किलो गांजा जैसा पदार्थ

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular