डुमडिया ढाला के पास आबकारी पुलिस ने की कार्रवाई, गुप्त सूचना पर दोनों आरोपितों को दबोचा
रक्सौल। अनिल कुमार। स्थानीय आबकारी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 लीटर चुलाई शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपित पलनवा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इस संबंध में आबकारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमडिया ढाला के पास कुछ लोग मोटरसाइकिल से अवैध चुलाई शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही आबकारी पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थल पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में जा रहे दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उनके पास से 14 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और शराब ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पलनवा थाना क्षेत्र के सेमरी वार्ड नंबर 12 निवासी जनक यादव के पुत्र मोहन यादव तथा सेमरी वार्ड नंबर 13 निवासी स्वर्गीय जदू राउत के पुत्र अजीत राउत के रूप में की गई है।
आबकारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में निगरानी और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।



