HomeBIHARमोतिहारीहड्डा के हमले से मचा कोहराम, दो वर्षीय मासूम की मौत, तीन...

हड्डा के हमले से मचा कोहराम, दो वर्षीय मासूम की मौत, तीन बच्चे गंभीर

नेपाली स्टेशन माता मंदिर के पास खेलने के दौरान बच्चों पर हड्डा ने किया हमला, एक ही परिवार के तीन बच्चे हुए शिकार, डंकन अस्पताल में चल रहा इलाज

रक्सौल।अनिल कुमार। नगर परिषद क्षेत्र के नेपाली स्टेशन स्थित माता मंदिर के समीप शुक्रवार को हड्डा के अचानक हमले से दर्दनाक हादसा हो गया। खेलने के दौरान बच्चों पर हड्डा के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी बच्चों को स्थानीय डंकन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो वर्षीय मासूम करण कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान अहिरवा टोला वार्ड नंबर 7 निवासी विजय मलिक के दो वर्षीय पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में मृतक के ही परिवार के छह वर्षीय अरुण कुमार और चार वर्षीय रॉकी कुमार शामिल हैं। इसके अलावा नेपाली स्टेशन माता मंदिर वार्ड नंबर 5 निवासी इंदल मलिक के आठ वर्षीय पुत्र लखन कुमार भी हड्डा के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस घटना में एक ही परिवार के तीन बच्चों के प्रभावित होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचने लगे। मासूम करण की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, अस्पताल में भर्ती अन्य तीन बच्चों की नाजुक स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं। एक साथ चार बच्चों के हड्डा के हमले का शिकार होने से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चे रोजाना की तरह खेलने में व्यस्त थे, तभी अचानक हड्डा ने उन पर हमला कर दिया। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बच्चों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तत्काल उनकी मदद के लिए पहुंचे। हालांकि, तब तक बच्चे गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके के लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

फोटो -हड्डा के हमले से मचा कोहराम, दो वर्षीय मासूम की मौत, तीन बच्चे गंभीर, बिलखते परिजन

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular