देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। गांधीवादी चिंतक, गांधी संग्रहालय के पूर्व सचिव एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय ब्रजकिशोर सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर शुक्रवार को गांधी संग्रहालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित तमाम गणमान्य लोगों ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद व पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि ब्रज बाबू ने अपना संपूर्ण जीवन गांधीवादी विचारों, समाज सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसरोकारों के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज की नई पीढ़ी को उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वर्गीय सिंह ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा, सहकारिता की भावना तथा खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर जमीनी स्तर पर कार्य किया। वे खादी और सहकारिता को ग्रामीण विकास एवं आर्थिक स्वावलंबन का मुख्य आधार मानते थे। प्रकृति की रक्षा को वे गांधीवादी जीवन-दृष्टि का अभिन्न हिस्सा मानते थे। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता दीपक पटेल ने तथा मंच संचालन गांधी संग्रहालय के सचिव विनय कुमार सिंह ने किया। इस दौरान शहर के कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और बुद्धजीवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से विधायक प्रमोद कुमार, उप मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, प्रकाश अस्थाना, डॉ. कमलेश कुमार, प्रो. डॉ. अमित रंजन, डॉ. शकुंतला सिन्हा, प्रो. विजय शंकर पाण्डेय, सुजीत कुमार सिंह, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. कुणाल किशोर, कंचन सिंह, अधिवक्ता शंभुशरण सिंह, रंजीत गिरि, केशव कृष्णा, अधिवक्ता फूल बाबू, नवनीत कुमार गिरि, विनय कुमार, राजगुरु, शिव कुमार राय और सोनेलाल यादव सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए संग्रहालय परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित किया गया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।



