चोरों ने मंदिर में रखे हनुमान जी के चांदी के मुकुट, चरण पादुका, गदा, छत्र सहित भगवान श्रीराम का मुकुट चोरी कर लिया
रक्सौल।अनिल कुमार।भारतीय दूतावास के बंगलो कैंपस स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर में रखे हनुमान जी के चांदी के मुकुट, चरण पादुका, गदा, छत्र सहित भगवान श्रीराम का मुकुट चोरी कर लिया। इसके अलावा मंदिर की दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी भी चोर ले गए।
घटना की जानकारी सोमवार की सुबह करीब पांच बजे उस समय हुई, जब मंदिर के चौकीदार ने पुजारी पंडित अजय कुमार उपाध्याय को फोन कर चोरी की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुजारी मंदिर पहुंचे और अंदर का दृश्य देखकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही हरैया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष कुमारी बिट्टू एवं पुलिस पदाधिकारी बलि राय पुलिस टीम के साथ मंदिर परिसर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर में तैनात दोनों चौकीदारों रितेश कुमार सहित एक अन्य चौकीदार तथा पुजारी पंडित अजय कुमार उपाध्याय से घटना के संबंध में गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मंदिर परिसर एवं आसपास के इलाके में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि चोरी गए चांदी के सामान का वजन करीब डेढ़ किलो है। वहीं दानपेटी से चोरी हुई नकदी सहित चोरी गए सामान की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
फोटो -दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से करीब डेढ़ किलो चांदी के सामान व एक लाख से अधिक नकदी चोरी होने का अनुमान, पुलिस कर रही जांच



