रामगढ़वा के सेमर चौक पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दादी और 5 वर्षीय पोते की दर्दनाक मौत
आवान मेराज/ देशवाणी
रामगढ़वा (पूर्वी चंपारण): रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सेमर चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बालक और उसकी 45 वर्षीया दादी की अज्ञात वाहन से कुचलकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामगढ़वा सिसवनिया निवासी 5 वर्षीय अमित कुमार (पिता सोनू कुमार राम) और 45 वर्षीया रामझरी देवी (पति किसनाथ राम) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मासूम बच्चा अपनी दादी के साथ अपने पिता को कुछ सामान पहुँचाने के लिए जा रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुआवजे तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली-काठमांडू एनएच-28 राजमार्ग को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़वा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीव मौआर और बीडीओ राकेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा आश्वासन दिया कि राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उक्त फरार वाहन चालक की जल्द से जल्द पहचान की जाएगी और उसपर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सुचारू रूप से चालू हुआ। इस दोहरी त्रासदी से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



