सीएचसी लौरिया में प्राथमिक उपचार के बाद बेतिया रेफर, संबंधित चिकित्सक को पूछताछ के लिए थाने ले गई पुलिस।
लौरिया। मठिया गांव में हाथ के घाव का ऑपरेशन कराने के बाद 45 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।
बताया गया कि मठिया पंचायत के मठिया गांव निवासी श्रीनाथ मुखिया के पुत्र प्रमोद मुखिया के हाथ में घाव था। परिजनों के अनुसार, गांव में ही एक चिकित्सक ने उसके हाथ का ऑपरेशन किया था। ऑपरेशन के बाद उसे कथित रूप से इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और स्थिति गंभीर हो गई।
परिजन तत्काल प्रमोद को लेकर सीएचसी लौरिया पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. किसलय ने उसका प्राथमिक उपचार किया। मरीज की स्थिति चिंताजनक देखते हुए उसे जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर लौरिया पुलिस सीएचसी पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी ली। पुलिस संबंधित चिकित्सक को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त चिकित्सक का नाम शंभु बताया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की तबीयत किस कारण बिगड़ी और इलाज के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मामले में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।



