देशवाणी। अनिल कुमार
रक्सौल।
शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रक्सौल थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संध्या गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अहिरवा टोला स्थित सरिसवा नदी के किनारे छापेमारी कर भारी मात्रा में नेपाली देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने सात प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखी गई कुल 768 पीस नेपाली शराब, जिसकी मात्रा करीब 230.4 लीटर बताई गई है, को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि संध्या गश्ती के क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रक्सौल थाना क्षेत्र के अहिरवा टोला में नेपाल से सरिसवा नदी के रास्ते अवैध शराब की खेप तस्करी कर लाए जाने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल इसकी सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम में जितेन्द्र कुमार, दीनदयाल प्रसाद, हरेश कुमार सिंह एवं अजय कुमार को शामिल किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर अहिरवा टोला पहुंचकर इलाके में घेराबंदी करते हुए सरिसवा नदी के किनारे छापेमारी शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान नदी किनारे सात प्लास्टिक के बोरे संदिग्ध अवस्था में रखे मिले। जांच करने पर बोरों के अंदर बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद हुई। शराब को जब्त कर थाना लाया गया तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं, पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही मौके पर मौजूद तीन शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की तरफ भागने में सफल हो गए। हालांकि पुलिस ने फरार तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में शराब की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्ती और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। सरिसवा नदी समेत सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि नेपाल से अवैध रूप से शराब की खेप भारत में प्रवेश नहीं कर सके। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।



