राष्ट्रीय नागरिक मोर्चा ने आठ सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन।
अंचल अधिकारी ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा।
देश वाणी।नौशाद अहमद
लौरिया। भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय नागरिक मोर्चा ने सोमवार को लौरिया अंचल कार्यालय परिसर में धरना दिया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अंचल अधिकारी आशू रंजन को आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।
मोर्चा के जिला अध्यक्ष अरमान साई ने कहा कि अंचल की विभिन्न पंचायतों में रहने वाले भूमिहीन दलित, मुसहर और अन्य जरूरतमंद परिवारों को तीन से पांच डिसमिल भूमि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि कई परिवार वर्षों से जमीन के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
प्रदर्शनकारियों ने पुराने बिजली बिल पर लगे ब्याज को माफ करने, बटाईदारों व रेहनदारों को खाद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सरल और पेपरलेस करने तथा किसानों को सरकारी दर पर पर्याप्त खाद मुहैया कराने की मांग की।
दानियाल परसौना के मुसहर परिवारों की समस्या भी धरने में उठाई गई। मोर्चा ने कहा कि सिकरहना नदी और जंगल के बीच बसे इन परिवारों को बारिश के दौरान बाढ़ और आवागमन की परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे परिवारों को सुरक्षित स्थान पर जमीन देने की मांग की गई। पराउ टोला बसवारिया, लौरिया नगर पंचायत और धमौरा वार्ड छह के भूमिहीन परिवारों के लिए भी भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि भूमिहीन परिवारों की सूची पहले ही जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जा चुकी है। अब इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
अंचल अधिकारी आशू रंजन ने कहा कि भूमिहीन परिवारों के मामलों की जांच कराई जाएगी। पात्रता और सरकारी भूमि की उपलब्धता की जांच के बाद नियमानुसार बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
धरने में जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार अंबेडकर, जिला सचिव नागेश्वर यादव समेत मोर्चा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार शामिल हुए। किशोरी दास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।



