-गरिमा और उल्लास के साथ उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय में मना शिक्षक दिवस
-महाविद्यालय के बच्चों ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति
फोटो : पीडीयू वानिकी एवं उद्यानिकी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बच्चे
माला सिन्हा
पीपराकोठी : पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय में शुक्रवार की शाम शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया. कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा के महत्व और विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया. समारोह का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया. इस दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान एवं उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया. कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. कुंदन किशोर, प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. समारोह को संबोधित करते हुए अधिष्ठाता डॉ. कुंदन किशोर ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अध्ययन को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी लगन, ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रयास करें. प्राध्यापक डॉ. आर. के. झा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन में सही दिशा दिखाते हैं और उन्हें बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित करते हैं. अन्य प्राध्यापकों ने भी शिक्षा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं है. ज्ञान, कौशल, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना का विकास भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है. इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं. विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पंकज सिंह ने किया.



