रक्सौल।अनिल कुमार। बाल विवाह के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किए जाने पर प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर, पूर्वी चंपारण ने स्वागत किया। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोकियारी एवं हरैया में बच्चों के बीच बाल विवाह मुक्त विश्व को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी ने की। मुख्य अतिथि हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान एवं एसएसबी 47वीं वाहिनी के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग इंस्पेक्टर नंदकिशोर तिवारी ने बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इसे समाप्त करने का आह्वान किया।
आरती कुमारी ने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान को अब वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि कानून के साथ समाज की जागरूकता से ही बाल विवाह पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है।
इस दौरान स्कूली बच्चियों ने थानाध्यक्ष किशन पासवान एवं इंस्पेक्टर नंदकिशोर तिवारी को बाल विवाह मुक्त विश्व का मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मौके पर संस्था के सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
फोटो-बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



