Bettiahlदेश वाणी। नौशाद अहमद।
30 साल से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर होगी मुफ्त जांच, जांच के बाद नि:शुल्क मिलेगी दवा।
लौरिया।बेतिया के लौरिया में अब गंभीर बीमारियों की जांच के लिए लोगों को अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की है। अभियान का शुभारंभ जिला पदाधिकारी तरंजोत सिंह ने लौरिया सामुदायिक हॉस्पिटल पहुंचकर किया। इस दौरान 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर जाकर मुफ्त स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
लौरिया में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी तरंजोत सिंह ने ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन विजय कुमार, एमएलसी सौरभ कुमार, एनसीडीओ मुर्तजा अंसारी और लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
यह विशेष अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगे। इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर पर भी जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जांच के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, सांस और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के साथ फैटी लिवर की भी स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच में बीमारी की पुष्टि होने पर मरीजों को आगे के उपचार से जोड़ा जाएगा और आवश्यक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
“अभियान का उद्देश्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।”
स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान खासकर उन लोगों के लिए अहम माना जा रहा है, जो नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। घर-घर स्क्रीनिंग के जरिए बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
मौके पर हॉस्पिटल प्रबंधक राहुल कुमार, लेखपाल अमित प्रकाश, प्रधान लेखापल संत भास्कर, डॉ दिलीप कुमार, डॉ आई हक़, डॉ जीतेन्द्र काजी, डॉ विजय कुमार गुप्ता, डॉ दरोगा प्रसाद बीसीएम रीना मोदी सहित हॉस्पिटल कर्मी उपस्थित रहे।



