मोतिहारी। निखिल सिंह।
पूर्वी चंपारण में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से बिहार के मुख्यमंत्री मंगलवार (एक सितंबर) को मोतिहारी आ रहे हैं।वे तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव का भव्य उद्घाटन करेंगे।इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिलेवासियों को करीब 300 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनमें कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन शामिल है।जिला प्रशासन के अनुसार इन परियोजनाओं से जिले के विकास को रफ्तार मिलेगी और आम लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बताया कि महोत्सव के आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।कार्यक्रम के सुचारू संचालन व व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है और सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर गांधी मैदान में विशाल मंच, दर्शकों के बैठने तथा अन्य सभी प्रशासनिक व सुरक्षात्मक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।गांधी मैदान में आयोजित होने वाला बापूधाम महोत्सव एक से तीन सितंबर तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर अपनी सुरीली प्रस्तुति से समां बांधेंगी।उनके साथ गायिका करीना पांडेय और सबिता पांडेय भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी।
इसके अलावा बॉलीवुड गायक सलमान अली और अजीत आनंद का गायन भी दर्शकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा।महोत्सव के अंतिम दिन भव्य हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के नामचीन हास्य कवि अपनी रचनाओं व व्यंग्य से लोगों का मनोरंजन करेंगे।तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ जिले की विकास गाथा और जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।



