- कई विभागों से मांगा गया स्पष्टीकरण, अगली बैठक में रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने का निर्देश
रक्सौल।अनिल कुमार।
प्रखंड सभागार में सोमवार को बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की समीक्षा बैठक अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, खाद्य एवं आपूर्ति, शिक्षा, पंचायती राज, वृद्धा पेंशन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई विभागों के कार्यों पर सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए आवश्यक जानकारी एवं स्पष्टीकरण मांगा।
बैठक में मो. एहतेशाम ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अगले बैठक में संबंधित विभागों से मांगी गई सभी सूचनाओं और योजनाओं की अद्यतन सूची प्रस्तुत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
बैठक में बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने सीडीपीओ कार्यालय में अनावश्यक रूप से लोगों के जमावड़े को लेकर सवाल उठाया। कार्यालय की गतिविधियों में पारदर्शिता और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी की गई।
इसके अलावा बैठक में कथित रूप से फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के आधार पर सेविका के पद पर कार्य करने के मामले को भी उठाया गया। समिति ने इस मामले में संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने तथा मामले की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही सीडीपीओ कार्यालय के प्रभार से संबंधित जानकारी भी मांगी गई कि सीडीपीओ किन-किन तिथियों को कार्यालय के प्रभार में रहती हैं।
समीक्षा के दौरान एमडीएम, खाद्य आपूर्ति सहित अन्य विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी सदस्यों ने जानकारी मांगी। समिति ने संबंधित विभागों को अगली बैठक में आवश्यक दस्तावेज एवं अद्यतन रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने को कहा।
बैठक में बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पटेल, सदस्य सह विधायक प्रतिनिधि मोती बैठा,सदस्य सह पूर्वी मुखिया मो. एहतेशाम, सदस्य सह मण्डल अध्यक्ष रिंकू पांडेय, सदस्य सुबोध कुमार सिंह, सदस्य विनय कुमार, सदस्य सिमरन पटेल, सदस्य अशोक कुमार, सदस्य सदस्य सीता पांडेय, सदस्य शिव शंकर प्रसाद, सदस्य शेख बेचू, सदस्य सुरेश प्रसाद उर्फ मंटू गुप्ता,के साथ साथ बाल विकास परियोजना की महिला पर्यवेक्षिका प्रियंका कुमारी, प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी प्राण रंजन प्रसाद,बिजली विभाग के कनीय अभियंता रवि कुमार, नगर परिषद के अभिनाश कुमार कनीय अभियंता अर्जुन कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
फोटो -बीस सूत्री की बैठक में रक्सौल प्रखंड क्षेत्र में चल रही कई विभागों की समीक्षा बैठक



