धर्मसमाज-जमला रोड पर घुटने भर पानी और कीचड़, 10 हजार की आबादी नारकीय जीवन जीने को मजबूर
मुख्य बिंदु:
- धर्मसमाज चौक से जमला रोड (चंडी माई स्थान) और मठिया चौक जाने वाली सड़कों की स्थिति बदतर
- नाला निर्माण कार्य अधूरा, मुख्य रास्तों पर भारी जलजमाव
- एलआईसी मुख्य शाखा, ट्रांसपोर्ट कंपनियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचना हुआ दूभर
- अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में गहरा रोष
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। नगर निगम प्रशासन भले ही शहर में चहुंओर विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की हवा निकाल रही है। शहर के धर्मसमाज चौक से जमला रोड होते हुए चंडी माई स्थान की ओर जाने वाली सड़क और धर्मसमाज चौक से मठिया चौक जाने वाली प्रमुख सड़क पर जलजमाव एवं कीचड़ का साम्राज्य बना हुआ है। पिछले छह महीनों से कछुआ गति से चल रहे नाला निर्माण कार्य ने इन दोनों मुख्य मार्गों की स्थिति को नारकीय बना दिया है, जिससे 10 हजार से अधिक की आबादी रोज परेशान हो रही है।
व्यापार और आवागमन पूरी तरह प्रभावित
जमला रोड शहर का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। यहां भारतीय जीवन बीमा निगम की मुख्य शाखा, कई आवासीय होटल, ट्रांसपोर्ट कंपनियों के कार्यालय व गोदाम सहित सैकड़ों दुकानें स्थित हैं। प्रतिदिन पूरे जिले से हजारों लोग, बीमाधारक, अभिकर्ता और कारोबारी इस मार्ग से गुजरते हैं।
सड़कों पर घुटने भर गंदे पानी और कीचड़ के कारण ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने इस रास्ते पर आना बंद कर दिया है। नतीजतन, एलआईसी दफ्तर या दुकानों तक जाने वाले लोगों को मजबूरी में गंदे नाले के पानी से होकर पैदल आवागमन करना पड़ रहा है।
एलआईसी मोतिहारी के मुख्य प्रबंधक दिवाकर चौधरी ने स्वीकार किया कि कार्यालय आने-जाने में बीमाधारकों, अभिकर्ताओं और कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम और जिला प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या के त्वरित समाधान के लिए तत्काल ठोस पहल करने की अपील की है।
निगम बना मूकदर्शक, लोगों में आक्रोश
नगर परिषद से नगर निगम में अपग्रेडेशन के बाद भी इन इलाकों की सूरत नहीं बदली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन केवल मौखिक व कागजी विकास में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर जनप्रतिनिधि और अधिकारी दोनों बेपरवाह बने हुए हैं। स्थानीय नागरिकों व व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जलजमाव से मुक्ति और नाला निर्माण को जल्द पूरा कराने की दिशा में कदम नहीं उठाया, तो वे चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
कहते है अधिकारी
जमला पथ का पूरा एरिया डाउन है। इसलिए बारिश में जल-जमाव हो जा रहा है। नाला निर्माण हो रहा है। बारिश के वजह से काम धीरे चल रहा है। पानी निकालने के लिए चार-चार दमकल लगाया गया है। नाला निर्माण कार्य पूरा होते ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
डा. लालबाबू प्रसाद, उपमेयर नगर निगम मोतिहारी।



