देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण जिले के हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने पूजा की थाली सजाकर भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनकी सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन को लेकर हरसिद्धि, सिसवा बाजार, घीवाढार, गोविंदापुर, मटियारिया, मानिकपुर, देवराहा बाजार, जमुनिया बाजार, गायघाट चौक, हरपुर पोखरा चौक, मेहता टोला, ओलाहा सहित अन्य ग्रामीण इलाके के बाजारों में भी चहल-पहल रही। राखी, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। कई बहनें दूर-दराज से अपने भाइयों के घर पहुंचीं। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाई। ई. राकेश गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करने वाला पर्व है। इस पर्व से कई पौराणिक एवं ऐतिहासिक परंपराएं जुड़ी हैं। मान्यता है कि देवासुर संग्राम के समय इंद्राणी ने इंद्र की कलाई पर अभिमंत्रित रेशम का धागा बांधा था। वहीं भगवान श्रीकृष्ण की घायल अंगुली पर द्रौपदी द्वारा साड़ी की पट्टी बांधने की घटना को भी रक्षाबंधन की परंपरा से जोड़कर देखा जाता है। हरपुर राय पंचायत के दनही गाँव मे बहन पल्लवी कुमारी, जूही कुमारी, अंजली कुमारी ने आपने भाई अंकित राज व अर्पण राज के कलाई मे राखी बांधकर लम्बी उम्र की कामना किया। दोनों भाई देहरादून से अपनी बहनो से राखी बंधवाने घर आये है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में पदस्थापित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने भी राखी बंधवाकर पर्व मनाया। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। समाज में शांति और सकारात्मक वातावरण बनाए रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।



