HomeBIHARमोतिहारीमाया जिम के पीछे पुलिस की छापेमारी में स्मैक जैसा पदार्थ व...

माया जिम के पीछे पुलिस की छापेमारी में स्मैक जैसा पदार्थ व नेपाली करेंसी बरामद

रक्सौल। अनिल कुमार। 

शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने को लेकर स्थानीय पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वार्ड नंबर 18 स्थित सैनिक रोड में माया जिम के पीछे छापेमारी कर एक युवक को स्मैक जैसा पदार्थ, भारी मात्रा में भारतीय एवं नेपाली करेंसी, मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।

थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 18 सैनिक रोड स्थित माया जिम के पीछे प्रतिदिन नेपाली युवकों की भीड़ जुटती है। सूचना में नशीले पदार्थों की गतिविधि की आशंका जताई गई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर उक्त स्थल पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान पुलिस ने नकरदेई थाना क्षेत्र के सिरिसिया माल वार्ड नंबर 2 निवासी नेक मोहम्मद देवान के 40 वर्षीय पुत्र बदरू दोजा को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 4.64 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ, 32 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा, 1 लाख 74 हजार नेपाली रुपये, एक मोबाइल फोन तथा नशीले पदार्थ को जोखने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। पुलिस बरामद नकदी और अन्य सामान को जब्त कर मामले की जांच में जुट गई है। बरामद भारतीय और नेपाली मुद्रा की मात्रा को देखते हुए पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है।

थानाध्यक्ष श्री महतो ने बताया कि उक्त स्थल पर प्रतिदिन नेपाली युवकों की भीड़ लगने की सूचना पुलिस को मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार युवक के पास स्मैक जैसा पदार्थ कहां से पहुंचा और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। साथ ही, नेपाली युवकों की लगातार भीड़ जुटने के कारणों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार युवक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

फोटो -माया जिम के पीछे पुलिस की छापेमारी में स्मैक जैसा पदार्थ व नेपाली करेंसी बरामद

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular