-शराब बनाने के उपकरण, बाइक व गैस सिलेंडर बरामद
माला सिन्हा
पीपराकोठी : स्थानीय थाना की पुलिस ने शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 56 लीटर देशी चुलाई शराब, शराब बनाने के उपकरण और एक बाइक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के मझरिया गांव में छापेमारी की गई. इस दौरान शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त मझरिया निवासी झगरू सहनी और अमित कुमार को गिरफ्तार किया गया. छापेमारी के दौरान दोनों के ठिकाने से 56 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की गई. इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले दो छोटे गैस सिलेंडर, दो गैस चूल्हे, दो बड़े तसले सहित अन्य उपकरण भी पुलिस ने जब्त किए हैं. पुलिस ने मौके से एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद की है. पुलिस को आशंका है कि बाइक का इस्तेमाल शराब के कारोबार से संबंधित गतिविधियों में किया जाता था. बरामद शराब और उपकरणों को पुलिस ने जब्त कर लिया है. इस संबंध में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार मध निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि शराब के अवैध निर्माण और बिक्री के खिलाफ थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.




