*हरैया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम ने आजाद नगर स्थित आवास से रविश कुमार को दबोचा
रक्सौल। अनिल कुमार। हरैया थाना क्षेत्र में कंटेनर से 339.36 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद होने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे प्राथमिकी नामजद अभियुक्त रविश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हरसिद्धि थाना क्षेत्र का निवासी रविश कुमार पुलिस के अनुसार मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले में काफी दिनों से फरार चल रहा था। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड का नामजद अभियुक्त रविश कुमार मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर, एकौना स्थित अपने निजी आवास पर छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही नगर थाना, हरैया थाना एवं जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि हरैया थाना कांड संख्या-90/26 में एक कंटेनर वाहन से 339.36 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया था। इस मामले में रविश कुमार को प्राथमिकी में नामजद किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। लगातार फरार चल रहे रविश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया था।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालने की कवायद तेज होने की संभावना है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के दौरान मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले स्रोत, उसके संभावित खरीदार तथा तस्करी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। गिरफ्तार रविश कुमार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय, मोतिहारी में उपस्थापित करने के लिए भेजा जा रहा है।
फोटो -339 किलो गांजा कांड में फरार अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार



