जिला कृषि पदाधिकारी ने गन्ना किसानों से सीधा संवाद किया, फसल अवशेष प्रबंधन एवं मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति किसानों को जागरुक किया
देशवाणी
बेतिया: पश्चिम चम्पारण जिला में गन्ना पेराई सत्र 2026-2027 का श्रीगणेश हो गया है, इसके साथ ही किसान गन्ना के खेत में गन्ना कटाई और छिलाई प्रारंभ कर चुके हैं। जिसके दृष्टिगत कृषि विभाग ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुक करने की पहल प्रारम्भ कर दिया है। उसी क्रम में शनिवार को जिला कृषि पदाधिकारी पश्चिम चम्पारण सरफराज असगर ने क्षेत्र भ्रमण किया और गन्ना किसानों से मिलकर उनसे वार्ता किया और गन्ना की सूखी पत्तियों एवं अन्य फसल अवशेष को खेतों में नहीं जलाने का आग्रह किया। इस क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों को बताया कि खेतों में गन्ने की सूखी पत्तियां, पराली एवं अन्य फसल अवशेष जलाने से मिट्टी के लाभकारी सूक्ष्म जीवों को क्षति पहुँचता है तथा मृदा की उर्वरता एवं गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसके अतिरिक्त फसल अवशेष को जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों को जलाने की जगह उसके खेत में ही उचित प्रबंधन करने तथा जैविक पदार्थों के रुप में उपयोग करने का परामर्श दिया। मिट्टी की गुणवत्ता एवं उत्पादकता बनाए रखने के लिए उर्वरकों का संतुलित एवं अनुशंसित मात्रा में प्रयोग करने और मृदा स्वास्थ्य में सुधार लाने वाले उपायों को अपनाने के प्रति प्रेरित भी किया। जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से आग्रह किया कि वे फसल अवशेष को जलाने की परंपरा छोड़कर वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धति को अपनाएं। जिससे न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि उत्पादन को भी दीर्घकालिक लाभ पहुँचेगा।



