*होल्डिंग एरिया सहित सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं की व्यवस्था देख अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रक्सौल।अनिल कुमार। छठ महापर्व के उपरांत यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने रक्सौल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर की गई तैयारियों का बारीकी से मुआयना किया।
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने स्टेशन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया का भी जायजा लिया। उन्होंने यहां यात्रियों के ठहरने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा उन्हें सुरक्षित तरीके से स्टेशन तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।
महाप्रबंधक ने छठ पर्व के बाद अपने गंतव्य की ओर लौटने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसको लेकर की गई तैयारियों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित रेलवे के अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रेलवे अधिकारियों की इस निरीक्षण प्रक्रिया को छठ महापर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फोटो -छठ पर्व के बाद महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने किया रक्सौल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण



