HomeBIHARमोतिहारीदेवोत्थान एकादशी शुक्रवार को, शनिवार को होगा व्रत का पारण

देवोत्थान एकादशी शुक्रवार को, शनिवार को होगा व्रत का पारण

चातुर्मास की निद्रा पूरी कर जागेंगे श्रीहरि, रात्रि में गूंजेंगे ‘उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द’ के जयकारे

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। कार्तिक शुक्लपक्ष की एकादशी यानी देवोत्थान (श्रीहरि प्रबोधिनी) एकादशी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ शुक्रवार को मनाया जाएगा। महर्षिनगर स्थित आर्षविद्या शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान-वेद विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार को नहाय-खाय के साथ इस महापर्व की शुरुआत होगी और शुक्रवार को विधि-विधान के साथ देवोत्थान एकादशी का व्रत रखा जाएगा। व्रत का पारण शनिवार को प्रातःकाल 06:39 बजे के उपरांत तुलसी-पत्र से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एकादशी व्रत के विधान में शुक्रवार या शनिवार को लेकर किसी भी प्रकार का शास्त्रीय निषेध नहीं है, इसलिए श्रद्धालुओं को किसी भी भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने आषाढ़ शुक्लपक्ष एकादशी को शंखासुर नामक राक्षस का वध किया था। इसके उपरांत अपनी थकान मिटाने के लिए प्रभु चार मास तक योगनिद्रा में लीन रहे और अब कार्तिक शुक्लपक्ष की एकादशी को पुनः जागृत होते हैं। यही कारण है कि इसे देव प्रबोधिनी, देवोत्थान या देव उठनी एकादशी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन उपवास रखने और रात्रि में भगवान विष्णु की सविधि पूजा-अर्चना करने का विशेष महत्व है।

रात्रि में इस मंत्र से करें भगवान को जागृत

“उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द उत्तिष्ठ गरुड़ध्वज।

उत्तिष्ठ कमलाकान्त त्रैलोक्य मंगलं कुरु।।”

रात्रि के समय घंटा, शंख और नगाड़ों की मधुर ध्वनि के बीच नृत्य, गीत और कीर्तन करते हुए भक्तगण इस मंत्र का उच्चारण कर प्रभु से जागने की प्रार्थना करते हैं। इसके पश्चात पुरुषसूक्त और विष्णु सहस्रनाम का पाठ कर भगवान की आरती की जाती है और सपरिवार प्रसाद ग्रहण किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस परम पुनीत एकादशी का व्रत करने वाले मनुष्य सभी भौतिक सुखों का भोग करते हुए अंत में मोक्ष को प्राप्त होते हैं।

घर-घर गूंजेंगे विवाह के मंगल गीत, सजेगा तुलसी-शालिग्राम विवाह का उत्सव

प्राचार्य श्री पाण्डेय ने बताया कि देवोत्थान एकादशी की रात्रि से लेकर पूर्णिमा पर्यंत तुलसी विवाह का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान तुलसी के पौधे को सुहागिन की भाँति विशेष रूप से सजाया और संवारा जाता है। शालिग्राम जी का पूजन कर उन्हें सिंहासन सहित हाथों में लेकर तुलसी जी की सात परिक्रमा करवाई जाती है, तथा इस पावन अवसर पर पारंपरिक विवाह के मंगल गीत भी गाए जाते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular