रामगढ़वा में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ दुर्गा पूजा विसर्जन
आवान मेराज/ देशवाणी
रामगढ़वा: रामगढ़वा प्रखंड क्षेत्र में माता दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और पूरी सुरक्षा के बीच अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। पर्व के दौरान कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए प्रखंड प्रशासन के तमाम अधिकारी मुस्तैद रहे।
विसर्जन जुलूस के दौरान रक्सौल एसडीएम नागमणि कुमार वर्मा, एसडीपीओ मनीष आनंद, रामगढ़वा सर्किल इंस्पेक्टर अनुज पांडे, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश कुमार, अंचलाधिकारी (सीओ) अमित कुमार, रामगढ़वा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीव मौआर और जीविका डीपीएम मंजीत लाल मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की इस सक्रियता और मुस्तैदी से पूरे क्षेत्र में शांति का माहौल बना रहा और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई।
इस धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव में प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई। जुलूस के दौरान प्रमुख पति विशाल गुप्ता, पूर्व मुखिया अर्जुन प्रसाद, और जिला पार्षद पति कमरुद्दीन मंसूरी समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन के साथ मिलकर आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने में पूरा सहयोग किया।



