* किसानों को दी गई कृषि योजनाओं की जानकारी
*फार्मर रजिस्ट्री, जैविक खेती, संतुलित उर्वरक प्रयोग और मिट्टी जांच पर दिया गया जोर
रक्सौल।अनिल कुमार। प्रखंड में सोमवार को रबी महाअभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष बलि पटेल ने की। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रखंड कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार ने किया। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार ने किसानों को जैविक खेती के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने खेती में संतुलित उर्वरकों के प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक तरीके से खेती करना जरूरी है। किसानों को कृषि कार्यों में नई तकनीकों को अपनाने और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की गई।
वहीं, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पात्र किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो सके। प्रखंड कृषि पदाधिकारी (प्रक्षेत्र) जितेंद्र कुमार ने भी किसानों की फार्मर आईडी बनाने की आवश्यकता बताई।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मिट्टी जांच के महत्व, कृषि यंत्रीकरण योजना तथा खेती में आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का उचित इस्तेमाल करने से खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इस अवसर पर तकनीकी प्रबंधक दिनेश दुबे ने आत्मा योजना के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को प्रशिक्षण, कृषि परिभ्रमण, किसान समूह और किसान चौपाल जैसी योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही किसानों से इन कार्यक्रमों में भाग लेकर नई कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने और उसका उपयोग अपने खेतों में करने की अपील की। रबी महाअभियान के दौरान किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने, वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने और कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार, जितेंद्र कुमार, संजीव कुमार, बेबी, खुशबू खातून, दिनेश दुबे, धर्मेंद्र उपाध्याय, संजय सिंह, जितेंद्र सिंह, विजय सिंह, संजय साह, नबी हसन सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित थे।
फोटो -रक्सौल में रबी महाअभियान का आयोजन



