माला सिन्हा
पीपराकोठी : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पीपराकोठी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने विशेष रूट चार्ट तैयार किया है. निर्धारित यातायात योजना 17 से 20 अक्टूबर तक लागू रहेगी. इसके तहत विभिन्न मार्गों पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है. यातायात प्लान के अनुसार, मोतिहारी से चकिया या आगे जाने वाले सभी वाहनों को पीपराकोठी ओवरब्रिज से होकर गुजरना होगा. ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ की सड़क सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए बंद रहेगी. वहीं, मोतिहारी से गोपालगंज जाने वाले वाहन वाटगंज चौक से यू-टर्न लेकर थाना होते हुए गोपालगंज की ओर जाएंगे. दूसरी ओर, गोपालगंज से मोतिहारी आने वाले वाहन थाना होकर वाटगंज चौक पहुंचेंगे और यू-टर्न लेकर ओवरब्रिज के रास्ते मोतिहारी की ओर जाएंगे. इस दौरान ओवरब्रिज का इस्तेमाल दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों के लिए किया जाएगा. पुलिस ने पूजा के दौरान जाम की समस्या से बचने के लिए वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है. साथ ही, दुर्गा पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं से अपने वाहनों को एसएसबी मैदान में खड़ा करने का आग्रह किया गया है, ताकि सड़क पर अनावश्यक भीड़ न लगे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.



