-पीपराकोठी के मुख्य चौराहे पर वैष्णो माता तो शिव मंदिर परिसर में जगन्नाथपुरी मंदिर की थीम पर बना भव्य पंडाल
माला सिन्हा
पीपराकोठी : क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडालों में शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि शनिवार को माता का पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पट खुलने के साथ ही पूरा क्षेत्र माता के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा. पीपराकोठी मुख्य चौराहा, शिव मंदिर परिसर, जीवधारा, सेमरा, झखरा और मठबनवारी सहित विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही महिला-पुरुष श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्तों ने माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. इस बार विभिन्न पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक और भव्य रूप दिया गया है. पीपराकोठी शिव मंदिर परिसर में जगन्नाथपुरी मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. वहीं मुख्य चौराहे पर वैष्णो माता के दरबार की थीम पर बने पूजा पंडाल में दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है. आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और दरबार की भव्य सजावट से पूजा स्थलों की सुंदरता देखते ही बन रही है. पूजा पंडालों के आसपास मेले और मनोरंजन के विभिन्न साधनों के कारण उत्सवी माहौल बना हुआ है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में दुर्गा पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. माता के भक्ति गीतों की गूंज और आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रही है. शाम होते ही रोशनी से जगमगाते पंडालों की रौनक और बढ़ जा रही है. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूजा समितियों के सदस्य व्यवस्था संभालने में जुटे रहे. वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम भी सतर्क दिखी. विभिन्न पूजा स्थलों पर शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन-पूजन संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं. नवरात्र के इस पावन अवसर पर पूरा पीपराकोठी क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आ रहा है.



