इंदौर नेशनल ताईक्वांडो चैंपियनशिप में पूर्वी चंपारण का शानदार प्रदर्शन
ग्रीन एंड क्लीन एवं जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से खिलाड़ियों का हुआ अभिनंदन
कोच राजेश कुमार और विजेता खिलाड़ियों को माला पहनाकर व माता की चुनरी ओढ़ाकर किया गया सम्मानित
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। श्री साईं बाबा मंदिर परिसर में ग्रीन एंड क्लीन अनिरुद्ध सेवा फाउंडेशन एवं जिला ताइक्वांडो संघ के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार की शाम एक सम्मान समारोह का आयोजन कर मेधावी ताइक्वांडो खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम इंदौर में आयोजित 43वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले के मेधावी खिलाड़ियों द्वारा पांच रजत और चार कांस्य पदक सहित कुल 9 पदक जीतकर मोतिहारी का गौरव बढ़ाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी अरुण पांडेय द्वारा विजेता बालक-बालिकाओं के चंदन-वंदन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष विनय परिहार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि संचालन ग्रीन एंड क्लीन के कार्यकारी अध्यक्ष हरीश कुमार ने किया। कार्यक्रम के संयोजक अमरेंद्र कुमार सिंह एवं विकास कुमार रहे।
जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव एवं नेशनल रेफरी सह कोच राजेश कुमार ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार से 73 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें पूर्वी चंपारण के 7 ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 9 पदक अपने नाम किए। उन्होंने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षित करने का संकल्प लिया।
समारोह में अदिति कुमारी, आयुष राज, सृष्टि श्री, अस्मिता कुमार, अर्णव गुप्ता, आतिश कुमार और अरना गुप्ता को अतिथियों ने माला पहनाकर, माता की चुनरी ओढ़ाकर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इसके बाद कोच राजेश कुमार को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ग्रीन एंड क्लीन के अध्यक्ष सुमित गुप्ता, युवा अध्यक्ष उद्देश्य गुप्ता, ताइक्वांडो संघ के कोषाध्यक्ष विकास कुमार, मीडिया प्रभारी कौशल किशोर सिंह, अधिवक्ता अभय शर्मा, अजय कुमार गुप्ता, आशीष प्रताप सिंह, सुधीर गुप्ता, अभय कुमार मिश्रा, सुमन मिश्रा, रिशु प्रताप सिंह, अजय तिवारी, नवनीत कुमार, आयुष, स्मृति श्री, अदिति, पुजारी वीरेंद्र चौधरी, मुरली मनोहर गुप्ता, भारत गुप्ता, विशाल कुमार, राजकुमार, पवन कुमार और अजीत कुमार सहित सैकड़ो खेल प्रेमी मौजूद रहे।



