आवान मेराज/देशवाणी रामगढ़वा
रामगढ़वा: शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर रामगढ़वा थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रक्सौल एसडीएम नागमणि कुमार वर्मा और रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की पुरजोर अपील की।
बैठक में मुख्य रूप से रामगढ़वा थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर संजीव मौआर, बीडीओ राकेश कुमार, सीओ अमित कुमार, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि विशाल गुप्ता, उपप्रमुख अरविंद पांडे सहित प्रखंड क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि, विभिन्न पूजा समितियों के आयोजक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए मेला परिसर में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा भीड़ नियंत्रण के लिए श्रद्धालुओं के आवागमन हेतु प्रवेश (इन गेट) और निकास (एग्जिट गेट) के लिए अलग-अलग रास्ते की व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा पूजा समितियों के वालंटियर विशेष ड्रेस और आई-कार्ड के साथ मुस्तैद रहेंगे ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने सभी आयोजकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



