-रावे छात्राओं ने किया पीआरए गतिविधि का समापन
-इंडियन पोटाश लिमिटेड की इंटर्नशिप छात्राओं से वैज्ञानिकों ने किया संवाद, -मृदा परीक्षण की भी मिली जानकारी
माला सिन्हा
पीपराकोठी : ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (रावे) कार्यक्रम के अंतर्गत टीसीए ढोली की छात्राओं ने झखरा एवं मझरिया गांव में सहभागी ग्रामीण आकलन (पीआरए) गतिविधि का समापन किया. इस दौरान छात्राओं ने रंगोली के विभिन्न रंगों के माध्यम से गांव का नक्शा तैयार कर ग्रामीण परिवेश, उपलब्ध संसाधनों तथा स्थानीय परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया. इस गतिविधि का उद्देश्य छात्राओं को गांव की सामाजिक एवं कृषि संबंधी परिस्थितियों से परिचित कराना और ग्रामीण विकास में किसानों की भागीदारी के महत्व को समझाना था. यह कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, पीपराकोठी के प्रमुख डॉ. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. गायत्री कुमारी एवं मनीष के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. पीआरए गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने, स्थानीय संसाधनों की पहचान करने तथा किसानों की आवश्यकताओं को समझने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ. वहीं, इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) के माध्यम से इंटर्नशिप कर रही छात्राओं के साथ वैज्ञानिकों ने संवाद कार्यक्रम आयोजित किया. इसमें डॉ. सत्यप्रकाश, डॉ. के.के. सिंह एवं डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने छात्राओं से इंटर्नशिप के दौरान प्राप्त अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान किसानों से बातचीत करने में आने वाली कठिनाइयों, कार्यक्षेत्र की चुनौतियों, ग्रामीण स्तर पर कृषि संबंधी समस्याओं तथा इंटर्नशिप के दौरान मिली सीख के बारे में जानकारी ली गई. इसके अतिरिक्त, डॉ. अर्पिता के मार्गदर्शन में छात्राओं ने मृदा परीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी की. इसके माध्यम से उन्हें मिट्टी की गुणवत्ता, कृषि उत्पादन में मृदा की भूमिका तथा वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के महत्व को समझने का अवसर मिला. इन गतिविधियों से छात्राओं के व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि हुई. साथ ही, उन्हें किसानों की समस्याओं को नजदीक से समझने और कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिली.



