रक्सौल।अनिल कुमार।
शराब के अवैध कारोबार एवं तस्करी के खिलाफ स्थानीय आबकारी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लक्ष्मीपुर स्थित चेकपोस्ट पर जांच अभियान चलाकर दो महिलाओं को शराब के साथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान दोनों महिलाओं के कब्जे से कुल 3.93 लीटर फोर्जिंग लिकर शराब बरामद की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए आबकारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि दो महिलाएं शराब लेकर लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट के रास्ते गुजरने वाली हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट पर विशेष जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान संदिग्ध रूप से गुजर रही दो महिलाओं को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में संजू देवी के पास से 1.68 लीटर तथा रीना देवी के पास से 2.25 लीटर फोर्जिंग लिकर शराब बरामद हुई। शराब बरामद होने के बाद दोनों महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आबकारी पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर दोनों गिरफ्तार महिलाओं के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने कहा कि शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभाग की ओर से लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। चेकपोस्ट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
फोटो -गुप्त सूचना पर आबकारी पुलिस की दबिश *3.93 लीटर शराब के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार



