लौरिया में 3 हजार से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य, स्कूल-कॉलेजों में चलाया जा रहा अभियान।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के सदस्यता अभियान के तहत लौरिया में छात्र-छात्राओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। 5 अगस्त से 15 सितंबर तक चल रहे अभियान में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को परिषद की विचारधारा, गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से अवगत कराया जा रहा है। अभियान के दौरान बागड़ कुंवर कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय सहित नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अभाविप की सदस्यता ग्रहण की। अभाविप उत्तर बिहार की ओर से पूरे प्रदेश में चार लाख नए छात्र-छात्राओं को सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में लौरिया नगर इकाई ने तीन हजार से अधिक नए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को परिषद से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
अभियान के दौरान प्रांत संयोजक स्वावलंबी भारत सुजीत मिश्रा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो विद्यार्थी हित के साथ समाज हित के लिए भी वर्षभर सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा अपनी संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जागरूक है और यही कारण है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद से जुड़ रहे हैं। परिषद विद्यार्थियों में ज्ञान, शील और एकता की भावना विकसित कर उन्हें राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने का प्रयास करती है।
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सौरभ कुमार ने कहा कि इस बार लौरिया नगर इकाई में तीन हजार से अधिक नवीन सदस्य बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि छात्रों के साथ छात्राओं में भी सदस्यता को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। मिशन साहसी, प्रतिभा खोज प्रतियोगिता, खेलकूद तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से परिषद छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए भी लगातार सकारात्मक कार्य कर रही है।
इस दौरान मुकेश गुप्ता, अर्चना, स्नेहा, पूजा, अनामिका, कविता, मधु, निर्भय, साक्षी सहित अभाविप के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



