HomeBIHARबेतियालौरिया की बेटियों ने रचा इतिहास, एक साथ बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर।

लौरिया की बेटियों ने रचा इतिहास, एक साथ बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर।

मुख्य पार्षद सीता देवी की दोनों बेटियों की सफलता से परिवार में खुशी।

उच्च शिक्षा के बाद हासिल की बड़ी उपलब्धि।

देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।

लौरिया। मेहनत, लगन और उच्च शिक्षा के दम पर लौरिया की दो बेटियों ने एक साथ बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नगर पंचायत लौरिया की मुख्य पार्षद सीता देवी की बेटियां सोनू प्रिया और पूजा प्रिया असिस्टेंट प्रोफेसर बनी हैं। दोनों बहनों की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए भी प्रेरणादायी माना जा रहा है।

सोनू प्रिया ने योगापट्टी के कोहड़ा में, जबकि पूजा प्रिया ने नौहट्टा में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर योगदान दिया है। दोनों बहनों की प्रारंभिक शिक्षा पटना स्थित एकलव्य एजुकेशनल कॉम्प्लेक्स से हुई। इसके बाद दोनों ने लोयोला स्कूल से मैट्रिक और इंटर की पढ़ाई पूरी की।

सोनू प्रिया ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कमला नेहरू कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से उच्च शिक्षा हासिल की। उन्होंने राजनीति शास्त्र विषय में जेएनयू से नेट एवं जेआरएफ की उपलब्धि भी हासिल की। वहीं, पूजा प्रिया ने हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। दोनों बहनों ने अर्थशास्त्र विषय में पीएचडी की है।

बेटा-बेटी में फर्क नहीं, अवसर मिले तो बेटियां भी रचती हैं इतिहास

बेटियों की सफलता से उत्साहित मुख्य पार्षद सीता देवी ने कहा कि बेटा और बेटी में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। दोनों को समान प्यार, शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। बेटियों की मेहनत और सफलता से परिवार के साथ पूरा समाज गौरवान्वित होता है। दोनों बहनों के असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की खबर मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। विधायक विनय बिहारी, उपमुख्य पार्षद किशोरी देवी, ईओ दिनेश पुरी, स्वच्छता अधिकारी मीनू कुमारी, सिटी मैनेजर सपना सिंह, वार्ड पार्षद पप्पू मिश्रा, सैयद तनवीर हैदर, मनु कुमार, सोनाल सिंह, वीरेंद्र राय, धनंजय कुमार, अमित कुमार, महफिल मियां, बद्री यादव, लालबाबू राम सहित पूर्व पैक्स अध्यक्ष लड्डू सिंह ने दोनों बहनों के पिता संजय कुमार को बधाई दी।

वहीं, सोनू और पूजा के चाचा एवं वर्तमान में बक्सर के अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, छोटे चाचा रेलवे के सेक्शन इंजीनियर आनंद कुमार तथा जीडी पब्लिक स्कूल के निदेशक दीपक कुमार ने भी दोनों बहनों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दोनों बहनों की सफलता क्षेत्र की दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular