HomeBIHARबेतियामुखिया के निधन के बाद पंचायत की विकास योजनाओं पर लगा ब्रेक,...

मुखिया के निधन के बाद पंचायत की विकास योजनाओं पर लगा ब्रेक, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

उपमुखिया को अब तक नहीं मिला वित्तीय प्रभार, वार्ड सदस्यों ने प्रदर्शन कर जताई नाराजगी; बीडीओ बोले- चुनाव के बाद तेज होंगे विकास कार्य।

देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।


लौरिया। सिसवनिया पंचायत में मुखिया कन्हैया कुशवाहा के निधन के बाद पिछले करीब दो माह से पंचायत का कामकाज प्रभावित होने का मामला सामने आया है। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन समेत पंचायत के अन्य जरूरी कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर वार्ड सदस्यों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। सदस्यों ने प्रखंड प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कर पंचायत के कामकाज को सुचारू कराने की मांग की।

वार्ड सदस्यों का कहना है कि जुलाई में मुखिया के निधन के बाद पंचायत में विकास योजनाओं की गति थम गई है। उपमुखिया को वित्तीय प्रभार नहीं मिलने के कारण योजनाओं से जुड़े कई कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। वहीं, पंचायत के नियमित संचालन के लिए किसी सरकारी कर्मी को भी जिम्मेदारी नहीं दी गई है। इससे ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं और जरूरी कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड सदस्यों ने बताया कि पंचायत की समस्या को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को कई बार जानकारी दी गई है। इसके बावजूद करीब दो माह बीतने के बाद भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। सदस्यों ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि पंचायत में विकास कार्यों को लंबे समय तक बाधित नहीं रखा जा सकता।

उन्होंने मांग की कि उपमुखिया को वित्तीय प्रभार देने या पंचायत के कामकाज के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि लंबित योजनाओं का काम शुरू हो सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।

जिला से सूचना मिलते ही कराया जाएगा उपमुखिया का चुनाव : बीडीओ

इस संबंध में लौरिया बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि उपमुखिया के चुनाव के लिए जिला को पत्र भेजा गया है। जिला स्तर से जैसे ही चुनाव को लेकर सूचना प्राप्त होगी, निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपमुखिया का चुनाव कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपमुखिया का चुनाव होने के बाद पंचायत के विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

प्रदर्शन में वार्ड सदस्य उषा देवी, राम भरोसी यादव, हबीबुल्लाह अंसारी, सत्या देवी, कुंदन कुमार, उत्तम कुमार, शीला देवी, संतोष सिंह, सुदामा साह सहित अन्य वार्ड सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular