पीपराकोठी : 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा प्रफुल्ल कुमार, कमांडेंट के निर्देशन में वाहिनी मुख्यालय एवं वाहिनी के कार्यक्षेत्र में स्थित सभी सीमा चौकियों पर रक्षाबंधन का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर द गुरुकुलम स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं ब्रह्माकुमारीज बहनों ने देश की सीमाओं की सुरक्षा में सदैव तत्पर सशस्त्र सीमा बल के जवानों की कलाई पर स्नेह, विश्वास एवं भाईचारे के प्रतीक रक्षा-सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर जवानों एवं छात्र-छात्राओं के बीच स्नेह, विश्वास एवं भाईचारे का भाव देखने को मिला. बहनों द्वारा बांधा गया रक्षा-सूत्र देश की सुरक्षा एवं सेवा में समर्पित जवानों के प्रति समाज के सम्मान और विश्वास का प्रतीक बना. कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने जवानों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से सदैव दूर रहने की शपथ दिलाई. जवानों ने स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार ने सभी को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास, सुरक्षा एवं सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है. ऐसे आयोजनों से सुरक्षा बलों और आम नागरिकों के बीच आपसी जुड़ाव एवं विश्वास और अधिक मजबूत होता है. 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम समाज में भाईचारे, नशामुक्ति, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के साथ-साथ जवानों और नागरिकों के बीच स्नेहपूर्ण संबंधों को सुदृढ़ करने का एक सराहनीय प्रयास रहा. कार्यक्रम के दौरान द गुरुकुलम स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं ब्रह्माकुमारीज बहनों तथा वाहिनी के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं सभी बलकर्मी उपस्थित रहे.