मुंबई। मुंबई में कल दोपहर बाद से भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से हिंदमाता, चेंबूर, लोअर परेल जैसे कई इलाक़ों में जलभराव हो गया है। सड़कें तालाब बन गई हैं, जिससे घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। लोकल ट्रेन भी प्रभावित हैं। लगातार हो रही बारिश से मुंबई में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रेल लाइन पर पानी भरने से वेस्टर्न, हार्बर और सेंट्रल लाइन 10-15 मिनट देरी से चल रही हैं। सुबह 5.30 बजे तक मुंबई के कोलाबा में 90 एमएम और सांताक्रूज में 195 एमएम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में यहां भारी बारिश की चेतावनी दी है। बारिश के दौरान एमजी रोड पर मेट्रो सिनेमा के नज़दीक एक पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हो गए।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मुंबई वासियों को अगले तीन दिनों तक बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मुंबई के निचले इलाकों जैसे अंधेरी, बांद्रा, दादर, चेंबूर, सायन,माटुंगा, हिंदमाता, समेत कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है। इससे जगह - जगह ट्रैफिक की स्थिति पैदा हो गई है। गुजरात के तटीय इलाकों से केरल तक एक मानसून रेखा (ट्रफ) बना हुआ है। इसी के चलते भारी बारिश दर्ज की जा रही है।
मुंबई में कोलाबा इलाके में पिछले 24 घंटे में 99.0 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। वहीं सांता क्रूज इलाके में 231.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। 2015 के बाद 24 घंटे में यह सबसे अधिक बारिश है। 2015 में सांता क्रूज इलाके में 19 जून को 24 घंटे में 283.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 27 जून को दिल्ली में प्री मानसून की बारिश होने का अनुमान है। वहीं 29 या 30 जून से राजधानी में मानूसन दस्तक दे सकता है। मौसम वैज्ञानिक समजीत चौधरी के अनुसार इस वर्ष राजधानी में मानसून समय से पहुंचने की उम्मीद है। 27 जून से प्री मानसून की बारिश दर्ज किए जाने का अनुमान है। मानसून की इस बारिश से दिल्ली वासियों को उमस भरी गर्मि से राहत मिल सकती है।
मुबंई के एमजी रोड इलाके में पेड़ गिरने से 2 की मौत हो गई जबकि 5 लोग घायल हो गए। सप्ताह का पहला दिन होने के कारण सुबह ऑफिस जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलगाड़ियों के देरी से चलने व जगह - जगह जाम से लोगों को काफी मुश्किल हो रही है।