रांची
रांची में जलसंकट के खिलाफ आंदोलित हुए लोग, रतन टॉकीज चौक के पास सड़क को किया जाम
By Deshwani | Publish Date: 30/5/2018 5:39:23 PMरांची। झारखंड की राजधानी रांची में पेयजल का संकट लगातार गहरा रहा है। कई इलाकों में तीन-चार दिनों से जलापूर्ति नहीं हो रही है। नियमित जलापूर्ति की मांग पर मेन रोड के आसपास रहने वाले लोगों ने रतन टॉकीज चौक को जाम कर दिया। लोग पानी के बर्तन के साथ सड़क पर बैठ गये हैं।
हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस जाम खत्म कराने के लिए पहुंच गयी है। लोगों को समझाने-बुझाने की पुलिस ने काफी कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने ट्रैफिक को सर्जना चौक से कांटाटोली की ओर डायवर्ट करना शुरू कर दिया। मेनरोड से सुजाता चौक की ओर जाने वाली सड़क पर लंबा जाम लगा है।
यहां बताना प्रासंगिक होगा कि रांची की मेयर आशा लकड़ा ने चुनाव जीतने के बाद हर घर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को अपनी प्राथमिकता बताया था। उन्होंने कहा था कि इस बार गर्मी में हर साल की तरह लोगों को पानी का संकट नहीं झेलना पड़ेगा. ऐसे इलाकों में, जहां पाइपलाइन नहीं बिछायी गयी है, नगर निगम टैंकर से पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।