राज्य
मेरठ में पॉलीथीन प्रतिबंध के आदेश ने तोड़ा दम
By Deshwani | Publish Date: 24/9/2017 12:47:09 PMमेरठ, (हि.स.)। प्रदेश सरकार को पॉलीथीन पर प्रतिबंध के आदेश को मेरठ मंडल के कमिश्नर ने सख्ती से लागू करने का फरमान जारी किया। एक सितम्बर से मेरठ में पूर्ण पॉलीथीन प्रतिबंध लागू होने के बाद भी दुकानों पर खुलेआम पॉलीथीन बिक रही है। एक-दो दिन सख्ती करने के बाद पुलिस प्रशासन इस कानून को लागू नहीं कर पाया। इसकी शिकायत लोगों ने मण्डलायुक्त से की है।
तत्कालीन सपा सरकार ने यूपी में पॉलीथीन पर प्रतिबंध लागू किया था, लेनिक प्रदेश में इस कानून पर अमल नहीं हो पाया। अब मेरठ मंडल के कमिश्नर डा. प्रभात कुमार ने मंडल के सभी जिलों में एक सितंबर से पॉलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए थे। कमिश्नर के आदेश पर कुछ दिन तो मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और गौतमबुद्ध नगर जिलों में पुलिस प्रशासन ने पाॅलीथीन जब्ती के लिए बाजारों में अभियान चलाया। इस अभियान के चलते कुछ दिनों के लिए बाजारों से पॉलीथीन गायब हो गई। कुछ दिन अभियान चलाने के बाद प्रशासनिक अधिकारी ठंडे पड़ गए। इस कारण बाजारों में फिर से पॉलीथीन बिकने लगी। गली-मोहल्लों की दुकानों से लेकर ठेलों पर भी अब खुलेआम पॉलीथीन बेची जा रही है।
मण्डलायुक्त को फिर से भेजी शिकायत
सच संस्था के अध्यक्ष अधिवक्ता डा. संदीप पहल ने मण्डलायुक्त को शिकायत भेजकर पॉलीथीन बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पॉलीथीन खुलेआम बिकने से सरकारी आदेश का उल्लंघन हो रहा है। साथ ही लोगों के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। इसकी शिकायत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी की गई है।