राज्य
उत्तराखंड में हो रही बारिश, चारधाम यात्रा सुचारू
By Deshwani | Publish Date: 7/6/2017 12:51:10 PMदेहरादून, (हि.स.)। उत्तराखंड में मंगलवार शाम से शुरू बारिश का दौर बुधवार को भी जारी है। सूबे के सभी जिलों में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 36 घंटों में राज्य में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा व गरज के साथ बौछारें पड़ने का दौर जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ व नैनीताल जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है, जबकि राज्य में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इस दरम्यान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
देहरादून, रुड़की, हरिद्वार सहित समूचे गढ़वाल के साथ कुमाऊं मंडल में सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। हालांकि गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ के साथ ही यात्रा मार्ग सुचारू हैं। मसूरी में रात एक बजे से सुबह छह बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। इसके बाद रिमझिम बारिश का दौर जारी है। नैनीताल में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तड़के छह बजे से बारिश शुरू हो गई है। मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।