राष्ट्रीय
पश्चिम बंगाल में बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या की जांच के लिए भाजपा ने पांच सदस्यीय समिति गठित की
By Deshwani | Publish Date: 13/4/2022 4:06:14 PMNational Prestident BJP JP Nadda
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में हंसखाली में एक बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या की जांच के लिए समिति गठित की है।
जांच समिति के सदस्यों में पार्टी की उपाध्यक्ष और सांसद रेखा वर्मा, उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य, तमिलनाडु की विधायक और भाजपा महिला विंग की प्रमुख वनथी श्रीनिवासन , कुशबू सुंदर और पश्चिम बंगाल विधायक श्रीरूपा मित्रा चौधरी हैं।
पांच अप्रैल को आरोपित के घर पर जन्मदिन की पार्टी में कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म के बाद नवीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गयी थी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में बालिका की मौत के कारण के बारे में संदेह व्यक्त करने के बाद एक विवाद खड़ा कर दिया था।
भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पांच सदस्यीय टीम गठित की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में हंसखाली में एक बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में शामिल सांसद रेखा वर्मा और उत्तरप्रदेश की मंत्री बेबी रानी मौर्य से जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट दाखिल करने को कहा गया है।
पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो अपने तरीके से जांच करेगा। लिहाजा पार्टी जांच प्रक्रिया में किसी भी तरह का हस्तक्षेप नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश को पता होना चाहिए कि राज्य में क्या स्थिति है। श्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि जब विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि आएंगे और देखेंगे तो सभी को पता चल जाएगा कि बंगाल में किस तरह की अराजकता पैदा हो गई है।