राष्ट्रीय
मंदसौर हादसा : देश में इमरजेंसी के हालात : सोनिया गांधी
By Deshwani | Publish Date: 7/6/2017 3:48:35 PMनई दिल्ली, (हि.स)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए देश में आपात के हालात होने का आरोप लगाया है| कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को ट्वीट कर कहा, किसानों पर गोलियां चलाई जा रही है, प्रेस की आजादी छीनी जा रही है। हालात बेहद गंभीर आपातकाल जैसे हैं|
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कार्यसमिति की बैठक में केंद्र पर सवाल उठाते हुए कहा था, ‘मोदी सरकार के तीन साल पूरे हो गए, कहां है सौहार्द और सहिष्णुता?’
वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को मंदसौर हादसे पर घेरते हुए पूछा, 'भाजपा के न्यू इंडिया में हक़ मांगने पर हमारे अन्नदाताओं को गोली मिलती है?' हालांकि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्य के कुछ हिस्सों में चल रहे किसानों के हिंसक आंदोलन के पीछे कांग्रेस की ही भूमिका होने का आरोप लगा रहे हैं।
दरअसल मध्य प्रदेश के मंदसौर में कर्ज माफी और फसल के वाजिब दाम की मांग को लेकर आंदोलनरत किसानों पर मंगलवार को मंदसौर में पुलिस द्वारा कथित तौर पर की गई गोलीबारी में छह किसानों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। फायरिंग के विरोध में किसान संगठनों और कांग्रेस ने बुधवार को मध्यप्रदेश बंद का एलान किया है।